घोड़े के हिनहिनाने से मिला साम्राज्य - ऐतिहासिक लघु कथा | A story from the history of Persia

 फारस (जिसे आज ईरान के नाम से जाना जाता है) में कोई तीन हजार साल पहले स्मरडिस नाम के एक व्यक्ति ने धोखे से राज्य हड़प लिया। दरअसल उसकी शक्ल-सूरत असली राजा से बहुत मिलती जुलती थी, जिसका फायदा उठाकर षडयंत्र द्वारा असली राजा को मारकर उसे राजा बना दिया गया। 

राज्य पाने के बाद उसका अधिकांश समय खुद की सुरक्षा की चिंता करते ही बीतता था क्योंकि वह खुद धोखे से राजा बना था। नतीजा ये हुआ कि शासन व्यवस्था बुरी तरह चरमराने लगी। उसके डर की वजह से ज़्यादातर मंत्री और सामंत कुछ न बोलते थे, किन्तु कुछ ऐसे दरबारी सामंत थे जिन्हें राजा पर शक हो गया। राजा के व्यवहार में अचानक आए परिवर्तन उनकी आँखों से छिप न सके और उन्होने सच्चाई का पता लगाने की ठानी। 

ऐसे सात दरबारियों ने मिलकर राजा के खिलाफ षडयंत्र रचा। पहले तो उन्होने यह पता लगाया कि राजा के भेष में जो व्यक्ति है वह असली राजा न होकर कोई धोखेबाज है। जब उन्हें सच्चाई पता चल गई तो उन्होने उस धोखेबाज़ राजा को हटाने का निश्चय कर लिया। बहुत ही गोपनीय तरीके से उन्होने राजा की हत्या कर दी और राज्य शासन अपने हाथ में ले लिया। 

अब समस्या हुई कि उन सातों में से राजा कौन बने, क्योंकि राजा का पद तो किसी एक ही को मिल सकता था। सातों लोगों ने राजा को हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और योग्यता में भी वे एक-दूसरे से कम नहीं थे। वे राज्य के लिए आपस में झगड़ा भी नहीं करना चाहते थे इसलिए उन्होने राजा चुनने के लिए एक सर्वथा अनूठी युक्ति अपनाई। 

उन्होने तय किया कि एक निश्चित दिन वे सातों सामंत अपने घोड़ों को नजदीक स्थित झील के किनारे लेकर जाएँगे। वहाँ पहुँचने के बाद जिस का घोडा सबसे पहले हिनहिनाएगा, वही राजा बनेगा। 

उस दिन, डेरियस नाम के दरबारी का घोडा सबसे पहले हिनहिनाया और फिर जैसा कि उन्होने तय किया था, वही फारस का राजा बना। डेरियस फारस की गद्दी पर 522 BC में बैठा और 486 BC में अपनी मृत्यु होने तक राज्य करता रहा। 

हालांकि डेरियस बहुत ही योग्य राजा था और उसने फारस के लिए बहुत से काम किए, किन्तु उस दिन उसी का घोडा क्यों हिनहिनाया था, इसके संबंध में भी कहा जाता है कि डेरियस ने बहुत ही सूझबूझ भरी चाल चली थी। 

दरअसल जब सातों दरबारी सामंतों के बीच यह तय हो गया कि नियत दिन सबसे पहले हिनहिनाने वाले घोड़े का मालिक ही अगला राजा होगा, उसी दिन से डेरियस ने अपने सेवक को गुप्त रूप से आदेश दिया कि वह घोड़े को रोज उसी स्थान पर ले जाकर चारा खिलाये। 

डेरियस का सेवक उसी दिन से रोज घोड़े को उस स्थान पर ले जाकर चारा खिलाता रहा। उस दिन, जिस दिन राजा बनने का निर्णय होना था, डेरियस के घोड़े के साथ अन्य सभी के घोड़े पहुंचे, किन्तु डेरियस का घोडा हिनहिनाने लगा क्योंकि उसकी आदत के अनुसार, उस दिन, सेवक ने उस स्थान पर ले जाकर उसके सामने चारा नहीं डाला।  




Post a Comment

1 Comments

  1. Harrah's Casino, Atlantic City - Mapyro
    Information and 용인 출장마사지 Reviews about Harrah's 전라북도 출장마사지 Casino, Atlantic City, including Realtime Reviews, Games, Address, Phone 인천광역 출장안마 number, Reviews, Games, Slots, 실시간 바카라 사이트 추천 Poker Room Photos. Rating: 남원 출장샵 4 · ‎1 vote

    ReplyDelete